CREATOR: gd-jpeg v1.0 (using IJG JPEG v62), quality = 75

कोलकाता, 24 जून । कोलकाता के हरिश चटर्जी स्ट्रीट की निवासी रंजना हाजरा ने राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के जनता दरबार में पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री के भाई अजीत बनर्जी के खिलाफ संपत्ति कब्जाने का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि पिछले करीब 27 वर्षों से उनकी पैतृक संपत्तियों पर कब्जे की कोशिश की जा रही है।

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने आम लोगों की समस्याएं सुनने के लिए ‘जनता दरबार’ कार्यक्रम शुरू किया है। इसी कार्यक्रम के तहत बुधवार को रंजना हाजरा वहां पहुंचीं और अपनी शिकायत दर्ज कराई।

रंजना हाजरा, जो स्वयं कैंसर से पीड़ित होने का दावा करती हैं, ने आरोप लगाया कि हरिश चटर्जी स्ट्रीट स्थित उनकी कुछ पैतृक संपत्तियों पर वर्ष 1999 से कब्जे की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि एक स्थान पर पहले व्यवसाय शुरू किया गया और बाद में निर्माण कार्य भी किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अन्य संपत्तियों पर भी वर्षों से कब्जे के प्रयास किए गए, जिनमें कुछ मामलों में सफलता मिली।

शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया कि विरोध करने पर उन्हें कई बार प्रताड़ना और हमलों का सामना करना पड़ा। उनके अनुसार, वर्ष 2017 में 12-13 हरिश चटर्जी स्ट्रीट स्थित एक संपत्ति पर कब्जा कर वहां व्यवसाय शुरू किया गया। इससे पहले भी उन्होंने कई बार पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। अब सत्ता परिवर्तन के बाद उन्होंने दोबारा उम्मीद जताई है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री को लिखित शिकायत सौंपने के बाद उन्हें मामले की जांच कराने और आरोपों की सत्यता की जांच करवाने का आश्वासन मिला है।

हालांकि, खबर लिखे जाने तक इस आरोपों पर संबंधित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।