onkar

पूर्वी सिंहभूम, 03 जून । पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत केशपुर पंचायत के बागालगोड़ा गांव में जहरीले सांप के डसने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान गौरी सबर (30 वर्ष) के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, गौरी सबर अपने घर के अंदर जमीन पर बिस्तर लगाकर सो रही थीं। रात के सन्नाटे में अचानक उन्हें अपने कंधे पर तेज दर्द महसूस हुआ। दर्द के कारण उनकी नींद खुल गई। जब उन्होंने आसपास देखा तो एक सांप उनके बिस्तर के पास दिखाई दिया। सांप को देखकर वह घबरा गईं और जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। उनकी आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी जाग गए और कमरे में पहुंचे।

परिजनों ने घर की लाइट जलाई तो देखा कि बिस्तर से कुछ दूरी पर एक जहरीला सांप रेंग रहा था। परिजनों को आशंका हुई कि सांप ने गौरी को डस लिया है। इसके बाद बिना समय गंवाए उन्हें तत्काल इलाज के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनकी प्राथमिक जांच की, लेकिन उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती देख बेहतर उपचार के लिए उन्हें महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमजीएम), जमशेदपुर रेफर कर दिया।

परिवार के सदस्य गौरी को लेकर एमजीएम अस्पताल के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उनकी तबीयत और अधिक गंभीर हो गई और उन्होंने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इसी दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने उस सांप को भी मार डाला, जिसने गौरी को डसा था। घटना की सूचना मिलते ही गालूडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला सर्पदंश से हुई प्राकृतिक दुर्घटना का प्रतीत होता है। फिलहाल औपचारिक जांच एवं अन्य प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।

गौरी सबर की मौत से उनके तीन छोटे बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। उनकी अचानक हुई मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीण लगातार परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं।

घटना के बाद गांव में भय और दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के मौसम की शुरुआत के साथ ही क्षेत्र में सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं।