sak

दक्षिण दिनाजपुर, 22 मई । गंगारामपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रशासनिक कामकाज और विकास परियोजनाओं की समीक्षा के लिए शुक्रवार को बीडीओ कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा विधायक सत्येंद्र नाथ राय ने की, जिसमें गंगारामपुर व तपन ब्लॉक के बीडीओ, थाना आईसी सहित 17 विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

करीब ढाई घंटे चली बैठक में क्षेत्र की कानून व्यवस्था और विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई।

विधायक ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखें। खासतौर पर कानून व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर देते हुए उन्होंने ब्राउन शुगर समेत सभी नशीले पदार्थों के कारोबार को तत्काल बंद कराने को कहा। हाल में हथियार बरामदगी की घटनाओं को देखते हुए अपराधियों के खिलाफ अभियान तेज करने का निर्देश भी दिया गया।

ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए बड़ा फैसला लेते हुए शहर के चौपथी मोड़ पर सुबह दस बजे से दोपहर 12 बजे तक टोटो के आवागमन पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग-512 और पीडब्ल्यूडी की जमीन पर बने अवैध दुकानों को हटाने की बात कही गई। हालांकि, दुकानदारों के हित को ध्यान में रखते हुए उनके लिए आधुनिक मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाकर पुनर्वास की योजना भी तैयार की जाएगी।

विकास कार्यों के तहत अवैध रूप से कब्जा किए गए तालाबों को कर (टैक्स) के दायरे में लाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही गंगारामपुर स्टेडियम और रवींद्र भवन के मरम्मत कार्य को जल्द पूरा करने पर जोर दिया गया।

विधायक ने कहा कि जनहित में लिए गए इन सभी फैसलों को जल्द लागू किया जाए और प्रशासन पूरी सक्रियता के साथ काम करे।