ओंकार

जमशेदपुर। पोटका प्रखंड की चाकड़ी पंचायत अंतर्गत पोड़ाहातू गांव में किसानों की बहुप्रतीक्षित मांग आखिरकार पूरी हो गई। झारखंड सरकार के जल संसाधन (लघु सिंचाई) विभाग की ओर से रामगढ़ नाले पर बनने वाले एकल चेकडैम निर्माण कार्य का शिलान्यास मंगलवार को पोटका विधायक संजीव सरदार ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया।

करीब 72 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस योजना के शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान और पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे। वर्षों से लंबित मांग पूरी होने पर ग्रामीणों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

किसानों को मिलेगा सिंचाई का स्थायी समाधान

इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि यह चेकडैम क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की अधिकांश आबादी कृषि पर निर्भर है, लेकिन वर्षा के अतिरिक्त सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध नहीं होने के कारण किसानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

विधायक ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा समस्या से अवगत कराए जाने के बाद उन्होंने इस विषय को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा, जिसके बाद हेमंत सरकार ने योजना को स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने कहा कि चेकडैम बनने से किसानों को वर्षभर सिंचाई की सुविधा मिलेगी, जिससे खेती को नया विस्तार और मजबूती मिलेगी।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में पहल

विधायक ने कहा कि निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के लिए संबंधित संवेदक को निर्देश दिए गए हैं, ताकि ग्रामीणों को शीघ्र इसका लाभ मिल सके। उन्होंने ग्रामीणों से निर्माण कार्य की निगरानी करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की अपील भी की।

इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से उनका लाभ उठाने का आग्रह किया। विधायक ने कहा कि हेमंत सरकार गांव, किसान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।