पलामू , 08 मई । पलामू जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र के पहाड़ गेरूआ गांव में शुक्रवार को जर्जर मकान की कच्ची दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मकान मालिक का बेटा और एक मजदूर शामिल हैं।
मृतकों की पहचान मकान मालिक प्रदीप उर्फ गटौरी बैठा के 20 वर्षीय पुत्र सतीश बैठा और 60 वर्षीय मजदूर दुखी भुइयां के रूप में हुई है। हादसा उस समय हुआ, जब पुराने मकान की मरम्मत का कार्य चल रहा था।
ग्रामीणों के अनुसार, प्रदीप बैठा के पुराने घर की मरम्मत के लिए तीन-चार मजदूर लगाए गए थे। मकान की खपड़ा छत हटाई जा चुकी थी और हाल में हुई बारिश के कारण मिट्टी की दीवार काफी कमजोर हो गई थी। सतीश बैठा भी मजदूरों के साथ मिलकर मरम्मत कार्य में जुटा हुआ था।
दोपहर करीब एक बजे काम के दौरान सतीश और मजदूर दुखी भुइयां दीवार के पास बैठकर पानी पी रहे थे। इसी दौरान अचानक जर्जर कच्ची दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। दोनों मलबे में दब गए।
मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और परिजनों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और मिट्टी हटाकर दोनों को बाहर निकाला। हादसे में दुखी भुइयां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सतीश बैठा को इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजन सतीश के शव का पोस्टमार्टम कराए बिना ही घर ले गए। घटना की सूचना मिलने के बाद विश्रामपुर थाना प्रभारी ऋषिकेश दुबे मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है।
