चाईबासा में झामुमो का महाधरना

रांची , 7 मई। बढ़ती महंगाई, रसोई गैस और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने गुरुवार को राज्यव्यापी धरना-प्रदर्शन किया। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, हजारीबाग, बोकारो और पाकुड़ समेत कई जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने एकदिवसीय महाधरना आयोजित कर केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं, ग्रामीण कार्यकर्ता और पार्टी समर्थक शामिल हुए।

पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय के समक्ष एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।प्रदर्शन में जिले के विभिन्न प्रखंडों और दूर-दराज ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक शामिल हुए। सुबह से ही उपायुक्त कार्यालय परिसर के आसपास झामुमो कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी।

धरना-प्रदर्शन को खास बनाने के लिए महिलाओं ने पारंपरिक आदिवासी परिधान पहनकर विरोध दर्ज कराया। कई महिलाएं सिर पर लकड़ी के बंडल और चूल्हे में उपयोग होने वाले लकड़ी लेकर पहुंचीं। उनका कहना था कि गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ने के कारण गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए रसोई चलाना मुश्किल हो गया है, जिसके चलते लोगों को फिर से लकड़ी और पारंपरिक ईंधन का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं पुरुष कार्यकर्ता हाथों में लकड़ी और गैस सिलेंडर के प्रतीकात्मक पोस्टर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए।

धरना स्थल पर “महंगाई पर रोक लगाओ”, “गैस सिलेंडर सस्ता करो”, “जनविरोधी नीतियां बंद करो” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण आम जनता पर बोझ बढ़ता जा रहा है। खाने-पीने की वस्तुओं, पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस की कीमतों में वृद्धि से गरीब और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है।

धरने को संबोधित करते हुए झामुमो जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने कहा कि केंद्र सरकार जनता की बुनियादी समस्याओं से पूरी तरह कट चुकी है। उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है, लेकिन सरकार जनता को राहत देने के बजाय केवल बड़े उद्योगपतियों के हित में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण नहीं करती है तो झामुमो सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन को और तेज करेगा।

झामुमो के जिला उपाध्यक्ष सगन पूर्ति ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब परिवारों की स्थिति काफी खराब हो चुकी है। गैस सिलेंडर की कीमत इतनी बढ़ गई है कि कई परिवारों ने गैस का उपयोग कम कर दिया है।

पूर्व सांसद सुमन महतो ने कहा कि महिलाओं पर महंगाई का सबसे ज्यादा असर पड़ रहा है और केंद्र सरकार को तुरंत रसोई गैस के दाम कम करने चाहिए।

केंद्रीय सदस्य प्रमोद लाल, शेख बदरुद्दीन और योगेंद्र सिंह निराला ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से जनता त्रस्त है। नेताओं ने कहा कि चुनाव के समय महंगाई कम करने का वादा करने वाली सरकार आज जनता को राहत देने में विफल साबित हो रही है।

धरना-प्रदर्शन के बाद झामुमो नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त कार्यालय पहुंचा, जहां उपायुक्त राजीव रंजन को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा । ज्ञापन में रसोई गैस की कीमतों में कमी करने, आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण लगाने तथा आम जनता को राहत देने की मांग की गई।

चाईबासा में झामुमो का महाधरना

पश्चिमी सिंहभूम। महंगाई, बेरोजगारी और केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के विरोध में पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित उपायुक्त कार्यालय (पुराना भवन) परिसर में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से एक दिवसीय महाधरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।  इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।

धरना को संबोधित करते हुए झामुमो जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने कहा कि देश में लगातार बढ़ रही महंगाई ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जबकि लोगों की आमदनी स्थिर बनी हुई है। ऐसे में परिवार चलाना आम लोगों के लिए कठिन होता जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार आम जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर बड़े उद्योगपतियों और कॉर्पोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने में लगी हुई है।

उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्तियों के निजीकरण, बड़े कारोबारियों के कर्ज माफ करने और कर में राहत देने जैसे फैसलों से आर्थिक असमानता बढ़ी है। चुनाव के समय महंगाई कम करने और रोजगार देने के जो वादे किए गए थे, वे आज केवल घोषणा बनकर रह गए हैं।

धरना को झामुमो महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष सह जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, जिला उपाध्यक्ष दीपक कुमार प्रधान, मदन गागराई, मंगल सिंह तिउ, सागर महतो, तारकांत सिजुई, सनातन पिंगुवा, सोमबारी बाहांदा सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन झामुमो जिला सचिव राहुल आदित्य ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने दिया।

हजारी बाग में धरना 

हजारीबाग। कमर्शियल गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने पुराना समाहरणालय परिसर, हजारीबाग में धरना प्रदर्शन किया है। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गैस मूल्य वृद्धि वापस लेने की मांग की। झामुमो जिला अध्यक्ष संजीव बेदिया ने कहा कि पहले से महंगाई की मार झेल रही जनता पर केंद्र सरकार ने कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाकर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। उन्होंने कहा कि गैस महंगी होने से होटल और भोजनालयों में खाने की कीमतों में 20 से 25 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग प्रभावित हो रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि हजारीबाग में पढ़ाई करने आने वाले दूसरे जिलों के छात्रों को भी परेशानी हो रही है। झामुमो ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कीमतों में कमी नहीं की गई तो पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी।

जमशेदपुर में प्रदर्शन

जमशेदपुर में बढ़ती महंगाई और रसोई गैस की कीमतों को लेकर गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सिर पर लकड़ी ढोकर और लकड़ी जलाकर चाय बनाते हुए केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध जताया।

झारखंड मुख्य मोर्चा के प्रवक्ता कुणाल सारंगी ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है। घरेलू गैस सिलेंडर, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतों में लगातार वृद्धि से गरीब और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आज स्थिति ऐसी हो गई है कि लोगों को फिर से लकड़ी और चूल्हे का सहारा लेना पड़ रहा है।

झामुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि महंगाई अपने चरम पर पहुंच चुकी है, लेकिन सरकार आम जनता की परेशानियों को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने मांग की कि रसोई गैस समेत आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में जल्द कमी लाई जाए ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

बोकारो में धरना

बोकारो जिला मुख्यालय में  झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला अध्यक्ष की अगुवाई में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकदिवसीय धरना दिया। इसमें महिलाओं की संख्या अधिक देखी गई। इस दौरान हाथ में मूल्य वृद्धि के खिलाफ तख्ती लेकर विरोध जताया गया। केंद्र सरकार के खिलाफ भी नारेबाजी की गई।

नेताओं ने कहा कि पांच राज्य में चुनाव संपन्न होने के बाद आम उपभोक्ताओं को गैस में वृद्धि कर आर्थिक बोझ देने का काम केंद्र सरकार ने किया है। पहले से ही घरेलू गैस की कीमत आसमान छू रही थी ।लेकिन फिर से मूल्य वृद्धि कहीं ना कहीं पूरी तरह से गलत है। केंद्र सरकार अगर इसे वापस नहीं लेती है तो सड़क से सदन तक हम लोग आंदोलन करेंगे।

पाकुड़ में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन

पाकुड़ में केंद्र सरकार के खिलाफ जेएमएम ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया।  गोकुलपुर स्थित पेट्रोल पंप के समीप जेएमएम के नेता और कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया और इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

धरना का नेतृत्व कर रहे जिला अध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कहा कि आज गैस, पेट्रोल, डीजल सहित खाद्य पदार्थों के दाम चरम पर है….

उन्होंने कहा कि गैस के दाम बढ़ने से लोग परेशान हैं। अगर महंगाई नहीं घटी तो आगे और जोरदार तरीके से आंदोलन किया जाएगा।