दुर्घटना

रांची, 07 मई । झारखंड की राजधानी रांची के तमाड़ इलाके में बुधवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई।

दोनों युवक शादी समारोह में शामिल होकर कार से अपने घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सिल्ली के बरलंगा निवासी दो युवक देर रात शादी समारोह से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान तमाड़ थाना क्षेत्र के चालाडी गांव के पास चालक का कार से नियंत्रण हट गया। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे स्थित तालाब में जा घुसी। रात के अंधेरे में हुए हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलने पर तमाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को कार से बाहर निकाला गया और तत्काल तमाड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव आज परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और चालक का संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है।