
320 मरीजों को मिलेंगे चश्मे, 60 के होंगे निशुल्क ऑपरेशन
कोलकाता, 28 दिसंबर। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता के तत्वावधान में रविवार को दो स्थानों पर निशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया।
एक शिविर जन औषधि केंद्र के सहयोग से श्योरापुली में तथा दूसरा शिविर आगमनी ब्रोटोचरी समिति के सहयोग से बांकुड़ा में आयोजित किया गया।दोनों शिविरों में कुल लगभग 670 रोगियों की जांच की गई। शिविरों में आए मरीजों के नेत्र परीक्षण के साथ ही ब्लड शुगर, ब्लडप्रेशर, ईसीजी जैसी सामान्य जांचें निशुल्क की गई। मरीजों को उनकी जरूरत के मुताबिक दवाएं निशुल्क प्रदान की गई। शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और व्यवस्था की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
नेत्र परीक्षण के दौरान 320 मरीजों की नजर कमजोर पाई गई, इन मरीजों को चश्मे निशुल्क प्रदान किए जाएंगे। 60 मरीज मोतियाबिंद से ग्रसित पाए गए। इन सभी के ऑपरेशन मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल, कोलकाता में निशुल्क किए जाएंगे। ।
कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रहलाद रॉय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इन शिविरों को सफल बनाने में डॉ. कबीर अहमद, डॉ. मलय दास, डॉ. शंकर मंडल, डॉ. सुकांतो राय, डॉ. शैलेश शाह और डॉ. शंकर दास का सराहनीय योगदान रहा।
दिवाकर ने बताया कि प्रधान सचिव गोयनका जी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर गरीब एवं वंचित तबके के लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना है।
मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्ध
अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है। सोसायटी के अस्पताल में आम नागरिकों को न्यूनतम शुल्क पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।
अस्पताल में मौजूद होम्योपैथिक चिकित्सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्क देते हैं। यहां चिकित्सक से मात्र 120 रुपए में परामर्श लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। अस्पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।
नि:शुल्क सर्वाइकल वैक्सीन
सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्सीन नि:शुल्क देने का अभियान शुरू किया है।








