माकपा-कांग्रेस भाजपा के सबसे बड़े सहयोगी, एक भी वोट ना दें – ममता

कोलकाता, 20 अप्रैल। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को मालदा जिले में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि माकपा और कांग्रेस दोनों भाजपा की सहयोगी हैं और इन्हें एक भी वोट नहीं मिलना चाहिए।

ममता ने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में इंडी गठबंधन की जीत होगी और वह सरकार का हिस्सा रहेंगी। उन्होंने कहा कि गठबंधन दिल्ली में है बंगाल में कोई गठबंधन नहीं है। बंगाल में माकपा और कांग्रेस भाजपा के सहयोगी के तौर पर काम कर रहे हैं इसलिए उन्हें एक भी वोट नहीं मिलनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि यहां से पहले भाजपा और कांग्रेस के लोग जीतते रहे हैं लेकिन बंगाल के लिए कुछ नहीं किया। इनमें से किसी ने भी बंगाल के हक की आवाज नहीं उठाई। केवल तृणमूल कांग्रेस लड़ रही है और लड़ेगी। बंगाल के लोगों के हक के लिए केवल मैं लड़ रही हूं। ममता बनर्जी ने इंडी गठबंधन का जिक्र करते हुए कहा कि इस गठबंधन का नाम और शुरुआत मैंने की थी लेकिन इसे हाईजैक कर लिया गया। मैं गठबंधन का हिस्सा जरूर हूं लेकिन बंगाल में नहीं। बंगाल के लिए मैं अकेले लड़ रही हूं और जीतने के बाद गठबंधन को सहयोग करूंगी।